
गम्हरिया/आदित्यपुर। दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए शराब की अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग और गम्हरिया थाना की संयुक्त टीम ने मंगलवार की शाम छोटा गम्हरिया और ऊषा मार्टिन क्षेत्र में अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे संचालित होटल और खाद्य स्टॉल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक भीड़ या जमावड़े को बढ़ावा न दें। साथ ही होटल, खाद्य स्टॉल और आसपास के क्षेत्रों में शराब का सेवन अथवा शराब की अड्डेबाजी नहीं होने देने को कहा गया।
सार्वजनिक स्थानों से हटाए गए शराब सेवन कर रहे लोग
संयुक्त टीम ने क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों और मैदानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां लोग शराब का सेवन करते हुए मिले, उन्हें वहां से हटाया गया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन और अड्डेबाजी को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा आदित्यपुर थाना क्षेत्र के केडिया लाल बिल्डिंग और बिको मोड़ इलाके में भी पुलिस टीम ने गश्ती कर स्थिति का जायजा लिया। दुर्गा पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी तरह की असामाजिक गतिविधि न हो, इसे लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
शराब की अड्डेबाजी पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों, होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के आसपास शराब की अड्डेबाजी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार शराब की अड्डेबाजी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा के मद्देनजर ऐसे अभियानों को आगे भी नियमित रूप से जारी रखने की बात कही गई है।
READ MORE :Jamshedpur News :टाटा मोटर्स में बोनस समझौता हुआ संपन्न, अधिकतम 87543, औसतन 53787 रुपये
प्रशासन ने आम लोगों से की सहयोग की अपील
उपायुक्त ने आम लोगों से दुर्गा पूजा के दौरान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने को कहा है।
प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि शराब की अड्डेबाजी या किसी अन्य असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक या पुलिस पदाधिकारियों को सूचना दें।


