आदित्यपुर: सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के जूनियर विंग में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। ‘हैप्पी, सेफ एंड ग्रीन दिवाली’ यानी खुशहाल, सुरक्षित और हरित दीपावली के संदेश पर आधारित इस आयोजन में नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की रचनात्मक गतिविधियों और उमंग से विद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा। विद्यालय में दीपावली उत्सव का आयोजन अगले दिन भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन हरेराम सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्य रामा शंकर सिंह, प्रशासनिक प्रमुख टी. वेंकट राव और वरिष्ठ शिक्षक शिव शंकर डे सहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी समारोह में भाग लिया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज को मिलीं 138 पीजी सीटें, एमबीबीएस की सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा
पौधे बांटकर दिया हरित दीपावली का संदेश
समारोह का खास आकर्षण पर्यावरण संरक्षण को लेकर विद्यालय की पहल रही। जूनियर विंग की ओर से विद्यार्थियों के बीच पौधों का वितरण किया गया। इसके माध्यम से बच्चों को पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य और कार्यालय कर्मचारियों को भी गमले में लगे पौधे भेंट किए गए। इस पहल के जरिए बच्चों को संदेश दिया गया कि त्योहारों की खुशियों के साथ प्रकृति की सुरक्षा का संकल्प भी जरूरी है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ घाट जाने वाले रास्ते पर कचरे का अंबार, भाजपा ने निगम को दिया दो दिन का अल्टीमेटम
बच्चों को बताया दीपावली का सांस्कृतिक महत्व
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को दीपावली के सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व से परिचित कराया गया। बच्चों को प्रेम, एकता, दया, सद्भावना और सकारात्मकता जैसे मूल्यों को अपनाने तथा अंधकार पर प्रकाश की विजय के संदेश को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया गया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन जूनियर विंग की समन्वयक डेज़ी रानी चौहान के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। संदेश दिया गया कि दीपावली की असली खुशी केवल उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि खुशियां बांटने, प्रकृति को संवारने और सुरक्षित भविष्य बनाने में भी है।

