
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आशियाना मोड़ के समीप बुधवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए करीब 30 से 40 दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और दुकानदारों के बीच नोकझोंक भी हुई। दुकानदारों ने कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित अंचल अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए।



कार्रवाई के दौरान दुकानों में रखा सामान बाहर निकालने और बचाने की कोशिश में दुकानदार परेशान नजर आए। कई दुकानों के ढांचे ध्वस्त होने के साथ लाखों रुपये मूल्य के सामान के नुकसान की बात सामने आई है। दुकानदार अपनी वर्षों की मेहनत से खड़ी दुकानों को उजड़ते देख भावुक हो गए।
READ MORE :Jamshedpur News :धालभूमगढ़ सीएचसी में रक्तदान शिविर, 19 लोगों ने किया रक्तदान
सरकारी जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, पहले दिया गया था नोटिस
अभियान के दौरान संबंधित अधिकारी (सीआई) ने बताया कि दुकानदारों द्वारा कब्जा की गई जमीन सरकारी है। अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को कई दिन पहले नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समय में दुकानों को नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की।
अधिकारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के बाद खाली कराई गई जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि जिन दुकानदारों की दुकानें हटाई गई हैं, क्या उन्हें प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएंगी, तो उन्होंने इस पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
READ MORE :AYODHYA–JANAKPUR RAIL NEWS: अयोध्या से जनकपुर धाम तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, भारत-नेपाल के श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी रेल सुविधा
कार्रवाई के दौरान महिला समाजसेवी हिरासत में
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासन और दुकानदारों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। इस दौरान एक समाजसेवी महिला को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में नाराजगी बनी हुई है।
दुकानदारों का कहना है कि उनकी रोजी-रोटी इन दुकानों से चलती थी। अचानक दुकानों के ध्वस्त होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं, प्रशासन का पक्ष है कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में नोटिस दिया गया था।
फिलहाल आशियाना मोड़ के समीप अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद इलाके में दुकानदारों के बीच आक्रोश है। प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स में प्रभावित दुकानदारों को जगह मिलेगी या नहीं, इस सवाल का जवाब अभी स्पष्ट नहीं है।



