
आदित्यपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आरआईटी मंडल क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम का आयोजन एनआईटी को-ऑपरेटिव सोसायटी परिसर में किया गया।
आयोजन में बूथ संख्या 152, 172, 165, 188, 178 और 201 के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व संबंधित बूथ अध्यक्ष रणधीर गुप्ता, धनंजय कुमार और राजेश चौधरी ने किया।
नशामुक्त समाज में युवाओं की भूमिका पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 138वीं कड़ी में युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का उल्लेख करते हुए बताया कि यह अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा और इसमें MY Bharat के स्वयंसेवक, NSS से जुड़े युवा, स्कूल-कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाएं भाग ले रही हैं।
अशोक सिंघल की 100वीं जयंती का उल्लेख
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की 100वीं जयंती का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, अशोक सिंघल का जन्म 27 सितंबर 1926 को आगरा में हुआ था और उन्होंने संस्कृति, समाज तथा राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: अपराधियों पर शिकंजा कसने की जरूरत, व्यापारियों पर नहीं—अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी
स्वच्छता और सामाजिक भागीदारी पर भी चर्चा
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन में स्वच्छता, पोषण और सामाजिक भागीदारी से जुड़े विषय भी सामने आए। सितंबर माह को पोषण से जुड़ी जागरूकता के लिए समर्पित किए जाने और विभिन्न राज्यों में पोषण को लेकर चल रही पहलों का भी उल्लेख किया गया।
सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में जिला भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष भोगेंद्र नाथ झा, पूर्व जिला मंत्री मनोज कुमार तिवारी, स्वप्निल सिंह, निरंजन मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह, अजय मिश्रा, राकेश त्रिपाठी, प्रकाश रंजन, एबीवीपी के दीपक राय, दीपक ठाकुर और अभिषेक ओझा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

