
सरायकेला:
कांड्रा-चौका मार्ग पर लखना घाटी के पास राँची से चाईबासा जा रही करिश्मा बस ( संख्या- जेएच01सीजे/ 3430) पलटने से एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में राजनगर के बीईईओ सुनील कुमार, सरायकेला बीईईओ दिलीप कुमार समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं। इसमें तीन यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जाती है जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों को चांडिल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस दुर्घटना के कारण कई घंटों तक मार्ग जाम रहा। उस जाम से उक्त रास्ते से जा रहे वरिष्ठ कॉग्रेस नेता सह पूर्व सांसद डॉ0 प्रदीप बालमुचू भी फंसे रहे। उन्होंने तत्काल वहां राहत कार्य चलाने की व्यवस्था किया तथा कई घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि उक्त दुर्घटना में कुल 14 यात्री घायल हुए जिसमे कई को सर व शरीर के अन्य भागों में चोटें आई जबकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटे लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस तीव्र गति से चौका की ओर से आ रही थी। इसी क्रम में घाटी के पास विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे एक डंपर से बचने के लिए चालक द्वारा बस को टर्न करने के दौरान वह पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला सिविल सर्जन डॉ0 हिमांशु बरबार अस्पताल पहुंचे और घायलों का जायजा लिया। उन्होंने तैनात चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का निर्देश दिया।

