
जमशेदपुर।


झारखंड सरकार और प्रेझा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान से संचालित कौशल कॉलेज में ए॰एन॰एम नर्सिंग कोर्स हेतु आयोजित लिखित परीक्षा में आज पूर्वी सिंहभूम जिले से कुल 977 छात्रायें लिखित परीक्षा में शामिल हुईं। पिछड़े व नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चे, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं को ए.एन.एम नर्सिंग की बेहतर एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा देने के उद्देश्य से लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। उप-विकास आयुक्त बी. महेश्वरी द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिले में 2 केन्द्रों में आयोजित परीक्षा का निरीक्षण किया गया।
लिखित परीक्षा का आयोजन आज राज्य भर के 9 जिलों के 12 केन्द्रों पर आयोजित किया गया जिसमें 9228 छात्राओं की उपस्थिति रही। इस सत्र के लिए सीटों की कुल संख्या 720 है।
परीक्षा का परिणाम जिला कल्याण विभाग, प्रखंड कार्यालय एवं राज्य के सभी कल्याण गुरुकुल एवं कौशल कॉलेज में देखा जा सकता है।
कौशल कॉलेज झारखंड सरकार एवं प्रेझा फाउंडेशन की एक अभिनव पहल है जिसमें राज्य की लड़कियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण के साथ-साथ देश-दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार से जोड़ा जाता है। प्रशिक्षण के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर भी खास ध्यान दिया जाता है। छात्राओं को रोजगारोन्मुख बनाने हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर के अत्याधुनिक सिम्युलेटर एवं आधुनिक प्रशिक्षण विधि का प्रयोग किया जाता है। प्रशिक्षण के साथ-साथ छात्राओं में अनुशासन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, काम करने के तौर-तरीके, विपरीत परिस्थितियों में डटे रहने और देश के प्रति समर्पण की भावना भी जागृत की जाती है। यहां योग्य छात्राओं के लिए संभावित छात्रवृत्ति के साथ बैंक टाईअप के माध्यम से सौ फीसदी ऋण द्वारा वित्त पोषित किया जाता है। लिखित परीक्षा का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन राज्य एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं निगरानी में संपन्न हुआ।
पूरे राज्य से लिखित परीक्षा में शामिल छात्राओं की संख्या निम्नवत है-
1. राँची- 920
2. खूंटी- 368
3. गुमला- 1238
4. सिमड़ेगा- 710
5. लातेहार- 490
6. गढ़वा- 1650
7 जामताड़ा- 404
8 पूर्वी सिंहभूम(2 परीक्षा केन्द्र)- 977
9 पश्चिमी सिंहभूम(2 परीक्षा केन्द्र)- 2471

