
सरायकेला।भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर विपक्षी दलों का आगामी पाँच जुलाई को आहूत झारखंड बंद के मद्येनजर प्रखंड मुख्यालय सभागर में अंचलाधिकारी कामिनी कौशल लकड़ा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गम्हरिया, आदित्यपुर, कांड्रा, आरआइटी थाना प्रभारी समेत क्षेत्र के सभी विपक्षी दलों के प्रतिनिधि शामिल थे। बैठक को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी ने कहा कि बंदी को लेकर किसी भी परिस्थिति में आवागमन बाधित होने नही दिया जाएगा। दुकानें, उद्योग, विद्यालय समेत बाजार को बलपूर्वक बंद कराने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पब्लिक प्रोपर्टी को क्षति पहुंचाना भी संज्ञेय अपराध की श्रेणी में है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में शांतिपूर्वक विरोध प्रकट करने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को है, किंतु बंद की आड़ में आम लोगों को परेशान करने की इजाजत किसी भी राजनीतिक दल को नहीं दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान सड़क पर टायर जलाकर अवरोध पैदा करने एवं खुलेआम सड़कों पर आतंक मचाकर आम लोगों को दहशत में डालने का काम किसी भी राजनीतिक पार्टी की ओर से नहीं करने की अपील किया। इस मौके पर आदित्यपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि उपद्रवियों पर आईपीसी की धारा 107 के तहत कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सीआरपीसी की धारा 113, 116 एवं 151 के तहत भी कार्रवाई किया जाएगा। गम्हरिया थाना प्रभारी जय प्रकाश राणा ने कहा कि बंद समर्थक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर सकते है, किंतु उग्र होकर बंद कराने के तरीके को बर्दास्त नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केस का स्पीडी ट्रायल में निपटारा होगा। बैठक में सभी चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ वीडियोग्राफर मौजूद रहेंगे।


संवैधानिक अधिकार का हनन
बैठक में उपस्थित कांग्रेस जिला प्रभारी देबू चटर्जी ने कहा कि भाजपा सरकार बौखलाकर बंद समर्थकों को हड़का रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन के माध्यम से अपनी बात को रखने का अधिकार सबको है, किंतु बंद से पूर्व प्रशासनिक स्तर से बैठक का आयोजन कर विपक्षी दलों के मनोबल को तोड़ना असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का शांतिपूर्वक बंद ऐतिहासिक होगा। इस अवसर पर झामुमो केन्द्रीय सचिव गणेश चैधरी, जिला अध्यक्ष रंजीत प्रधान, अमृत महतो, भुंडा बेसरा, दीपक मंडल, कांग्रेस के योगेन्द्र शर्मा, राजद के संजय सिंह, डीएन सिंह, श्याम सुंदर मालाकार, जेवीएम के विशू महतो, राजू रजक, दिनेश चंद्र महतो आदि उपस्थित थे।

