
सरायकेला।


आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के लार्ज सेक्टर स्थित बीएमडब्ल्यू कंपनी के डिस्पैच सेक्शन में कार्य के दौरान लोहे का बार लोड करने वाला क्रेन का हुक से छाती में चोट लगने से ठेका मजदूर 25 वर्षीय राजू कैवर्त गंभीर रूप से घायल हो गया। बीते मंगलवार की शाम करीब पांच बजे हुई इस घटना के बाद आनन फानन में कंपनी प्रबंधन द्वारा उसे टीएमएच में भर्ती कराया गया। वहीं इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक गम्हरिया के दुग्धा गाँव निवासी युद्ध कैवर्त का पुत्र था। वह विगत सात वर्षों से उक्त कंपनी में ठेका मजदूर के रुप में काम कर रहा था। परिजन एवं ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर कंपनी गेट जाम कर प्रदर्शन करने की बात पर अड़े रहे। तत्पश्चात् टीएमएच परिसर में ही त्रिपक्षीय वार्ता हुई जिसमें प्रबंधन की ओर से वतौर मुआवजा 8 लाख रुपये एवं दो नौकरी दिए जाने के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। मृतक चार भाइयों में दूसरे स्थान पर था।

