
नहीं होगा योजनाओं का शिलान्यास


बोकारो।
गोमिया विधानसभा उप चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू कर दिया गया है. इस बात की जानकारी जिले के उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बर्णवाल ने प्रेसवार्ता कर दी. उपायुक्त श्री बर्णवाल ने कहा कि 28 मई को गोमिया विधानसभा हेतु उप चुनाव कराया जायेगा. प्रत्याशियों के नामांकन हेतु 03 मई को अधिसूचना जारी कर दी जायेगी. नामांकन की अंतिम तिथि 10 मई तक होगी एवं 11 मई को नामांकन की स्क्रूटनी की जायेगी तथा 14 मई तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे और 28 मई को चुनाव संपन्न कराया जायेगा. उनके अनुसार 31 मई को मतगणना कार्य संपन्न होगा.
गोमिया विधानसभा में
कुल 2,68,320 मतदाता उपचुनाव में करेंगे मतदान
इस दौरान चुनाव दिवस तक पूरे विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगा. यहां कोई भी नई योजना का उद्घाटन एवं शिलान्यास नहीं किया जायेगा. गोमिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,68,320 मतदाता हैं, जिसमें पुरुष मतदाता 1,40,147 एवं महिला मतदाता 1,24,287 है. गोमिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 341 मतदान केन्द्र है, जो 208 भवनों में स्थित है. गोमिया विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत 03 प्रखण्ड पड़ते हैं, जिसमें गोमिया, पेटरवार (अंश) एवं कसमार प्रखण्ड शामिल है. प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस उपाधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विकास कुमार हेम्ब्रम मौजूद थे.

