
शनिवार को अभियान चलाकर आधा दर्जन फ़ूड वैन संचालकों से लिया गया जुर्माना
जमशेदपुर। बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी, टेल्को आदि इलाकों में 50 से अधिक फ़ूड वैन (चलंत रेस्टॉरेंट) संचालित हैं। अन्य शहरों की तरह जमशेदपुर में भी इन चलंत दुकानों को नगर निकाय से अनुज्ञप्ति साथ मासिक शुल्क देनी है किन्तु लगभग सभी फ़ूड वैन बिना किसी अनुमति और अनुज्ञप्ति के चल रहे हैं। इन्हे संचालित करने वाले व्यवसायी कौन हैं, कहाँ के रहने वाले हैं और किसकी अनुमति से खाद्य पदार्थों की चलंत दुकान चला रहे हैं इसकी जानकारी और निकाय के पास उपलब्ध नहीं है इसके लिए उड़नदस्ता को निदेश दिया गया है कि शहर के कई इलाको में चलने वाले इन फ़ूड वैन के सारे आंकड़े एकत्र कर अनुज्ञप्ति हेतु नोटिस जारी करें। उल्लेखनीय है कि फ़ास्ट फ़ूड, चाट, सोडा आदि खाद्य वस्तुओं को बेचने वाली उक्त चलंत फ़ूड वैन शहर के कई पॉश इलाकों में शाम को दिखाई देती हैं। भोजन का सीधा सम्बन्ध नागरिकों के स्वास्थ्य से है अतः इनके लिए निकाय से अनुज्ञप्ति लेना विधिक रूप से अनिवार्य किया गया है। लाइसेंस हेतु एकमुश्त निबंधन शुल्क के रूप में 5000 तथा मासिक रूप से 2000 रूपये शुल्क निकाय में जमा करवाना होगा।

