
पॉलिथीन को लेकर जेएनएसी की तर्ज पर राज्य भर में चलेगा ” सेल्फी विथ बैग” अभियान
जमशेदपुर। सोमवार को स्वच्छ भारत मिशन के झारखण्ड राज्य निदेशक राजेश शर्मा ने राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारीयों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर आवश्यक निदेश दिए। इस वर्ष की थीम ” बीट प्लास्टिक पोलुशन” यानि प्लास्टिक प्रदूषण को हराओ के अनुपालन ने प्लास्टिक बैग को लेकर कड़ाई से सतत अभियान चलाने हेतु सभी अधिकारीयों को निदेश दिया गया। श्री शर्मा ने पॉलिथीन प्रतिबन्ध की दिशा में जमशेदपुर अक्षेस की ओर से किये जा रहे सतत प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य निकायों को भी इसी तरह सघन अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में चल रहे “सेल्फी विथ क्लॉथ बैग” मुहिम को अन्य सभी शहरों में भी अपनाने की आवश्यकता है क्योंकि पॉलीथिन को लेकर न केवल दंडात्मक कार्रवाई जरूरी है बल्कि इस अभियान में आम जन की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इस बात का भी निदेश दिया गया कि सभी निकाय अपने डंपिंग साइट्स को व्यवस्थित करते हुए उसके इर्द गिर्द पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम अनिवार्यतः करेंगे। जमशेदपुर की ओर से इस वीसी में तीनो निकायों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

