
जमशेदपुर को होर्डिंग फ्री शहर बनाने की योजना में माँगा सहयोग
होर्डिंग की बजाये वैकल्पिक विज्ञापन तरीकों पर हुआ विचार विमर्श
विज्ञापन अधिकार के बदले विभिन्न योजनाओं में पीपीपी के तहत निकाय के पार्टनर बनने का दिया प्रस्ताव
जमशेदपुर। बुधवार को शहर में कार्यरत प्रमुख नौ विज्ञापन एजेंसियों के मालिकों के साथ जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बैठक कर आगामी एक वर्ष में शहर को होर्डिंग फ्री बनाने के अपने विचार को रखा। एजेंसियों से इस बारे में उनके सुझाव और सहयोग की अपेक्षाओं को बताने के साथ साथ विशेष पदाधिकारी ने विस्वास भी दिलाया कि उनके व्यावसायिक हितों को नुकसान नहीं पहुंचाया जायेगा। होर्डिंग व्यवसाय छोड़ने के बदले उन्हें विज्ञापन व्यवसाय से जुड़े अन्य अत्याधुनिक व्यावसायिक अवसर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की ओर से उपलब्ध करवाए जायेंगे। उन्होंने सभी एड एजेंसियों के समक्ष प्रस्ताव रखा कि वे चाहे तो जेएनएसी के साथ पीपीपी मॉडल पर फुट ओवर ब्रिज, यात्री शेड, ट्रैफिक बैरिकेड्स, पब्लिक युरिनल्स आदि में भागीदारी निभाते हुए वैकल्पिक विज्ञापन अधिकारों को प्राप्त कर सकते हैं। इस मौके पर नवी एडवरटाइजिंग, व्हील्स, विजन एन्ड विजन, वीनस, विजुअल एड, मोहन इंटरप्राइज़, आई विजन, जय माता दी, राज आउट डोर आदि के निदेशकों ने शहर के बेहतर प्रबंधन में अपने सहयोग की वचनबद्धता दोहराई।सभी ने पहले चरण में अवैध होर्डिंग्स को शहर से हटाने का सुझाव दिया। इसके बाद दूसरे चरण में शहर के कुछ इलाकों को होर्डिंग फ्री बनाने तथा अंतिम चरण में शहर को होर्डिंग फ्री बनाने का सुझाव दिया। कुछ एजेंसियों ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत भी निकाय के साथ पीपीपी तर्ज पर साझेदार बनने की पेशकश की।

