
जमशेदपुर।


भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर महानगर ज़िलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने मोदी सरकार द्वारा रेप की घटनाओं में सम्मिलित विकृत मानसिकता के हैवानों के लिए फाँसी का प्रावधान लाने का स्वागत किया। उन्होंने इस फ़ैसले को ऐतिहासिक करार देते हुए बेटियों के सम्मान में समर्पित बताया। कहा कि उत्पीड़न एवं बलात्कार की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी सदैव गंभीर रही है। किंतु विपक्ष अब “बलात्कार” की घटनाओं को भी साम्प्रदायिक रंग देने की घटिया प्रयास कर रही है। यह विपक्षी दलों के विकृत मानसिकता को दर्शाता है। सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध साझा प्रयास के बजाए महिलाओं और बेटियों के आबरू और सम्मान पर राजनीति करना बेहद शर्मनाक है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने मंत्रिमंडल की बैठक में सर्वसम्मति से बलात्कार की घटना को अंजाम देने वालों के विरुद्ध कड़ी कानून पर मुहर लगा दी है। कहा कि छोटी बच्चियों तक को हवस का शिकार बनाने वालों के लिए केवल फाँसी ही एकमात्र सज़ा होनी चाहिए, इसे भी मोदी सरकार ने हरी झंडी दे दी है। कहा कि कड़े क़ानून से इन घटनाओं पर कुछ हद तक नियंत्रण होगी किंतु इस विकृति पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए हम सबों को मिलकर लड़ना होगा। सामाजिक बुराईयों को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी सतत अनिवार्य है। बेटियों के रक्षार्थ मोदी कैबिनेट के इस फैसले के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल समेत भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।

