
जमशेदपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 508वां नेत्र शिविर के ऑपरेशन सत्र का आयोजन यहां बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में सम्पन्न हुआ। जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. जे. एस. बेदी, डॉ. पूनम सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने 25 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया। रोटेरियन विपुल सिंह एवं नितुलिका सिंह के संयोजन में आयोजित नेत्र शिविर में आज रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी चन्द्र मोहन सिंह एवं रेड क्रॉस कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित थें। कल सोमवार को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों के आंखों की अंतिम जांच कर उन्हें चश्मा पहनाकर आवश्यक दवा प्रदान करने के साथ साथ आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी दकर विदा किया जायेगा। रेड क्रॉस का इस सत्र का अंतिम नेत्र शिविर शनिवार 28 अप्रैल को लॉयन्स क्लब ऑफ जमशेदपुर नॉर्थ के संयोजन में आयोजित होगा, जिसके पश्चात मई, जुन के साथ जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह में नेत्र शिविरों का आयोजन स्थगित रहेगा, 14 जुलाई से नेत्र शिविर का आयोजन पुनः प्रारम्भ होगा


