
जमशेदपुर।
भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर महानगर भाजपा की बैठक सोमवार को बिष्टुपर स्थित तुलसी भवन में संपन्न हुई। जिला प्रभारी सत्येंद्र कुमार की मौजूदगी में आयोजित उक्त बैठक में सांगठनिक दृष्टिकोण से आवश्यक दिशानिर्देशों के अलावे आगामी कार्यक्रमों के आलोक में भी चर्चाएं हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश किमार ने किया तथा संचालन महामंत्री अनिल मोदी द्वारा किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने निर्देशित किया कि पार्टी के निर्देशानुसार सभी जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता अपने घरों के प्रवेश द्वार पर अपने दायित्व अंकित नामपट्ट लगाएंगे। वहीं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए अपने घरों पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज लगाना है। इसके अलावे सांगठनिक मामलों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि जल्द ही महानगर भाजपा अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्रों में सात सदस्यीय कमिटी गठित की जाएगी। इन कमिटियों में सांसद एवं विधायक पदेन सदस्य होने तथा शेष प्रमुख पार्टी नेता शामिल रहेंगे। वहीं चुनावी तैयारियों के मद्देनजर बूथ संरचनाओं पर भी पार्टी की विशेष फ़ोकस है। बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख एवं अन्य की-वोटर्स को सूचीबद्ध करने में विलंब कर रहे मंडलाध्यक्षों को भी सख़्त हिदायत दी गयी। इसके अलावे प्रदेश भाजपा द्वारा प्रत्येक मण्डलों में आठ प्रकार के फ़ॉर्म बूथ स्तर पर भरने के लिए पूर्व में सौंपे गए थे। इसमें कोताही बरतने वाले मंडलाध्यक्षों की रिपोर्ट जिला प्रभारी के माध्यम से प्रदेश भाजपा को सौंपी जा रही है, ताकि समय रहते उचित निर्णय लिए जा सकें। श्री सत्येंद्र ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान समय मे संगठन में ढुलमुल रवैया नहीं चलेगा। निष्क्रिय और कार्यक्रमों में सक्रियता नहीं दिखाने वाले पदाधिकारियों के स्थान पर संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 14 मार्च को राँची के रिम्स सभागार में सभी मंडलाध्यक्षों की बैठक होगी तथा अगले दिन 15 मार्च को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री राम लाल सभी जिलाध्यक्षों की बैठक लेंगे। बैठक के दौरान विशेष रूप से दिनेश कुमार,सत्येंद्र कुमार,रामबाबू तिवारी,मनोज सिंह,मिथलेश सिंह यादव,खेमलाल चौधरी,संदीप मिश्रा,बारी मुर्मू,चितरंजन वर्मा,सत्यप्रकाश सिंह,अनिल मोदी,राकेश सिंह,सुनील बारी,अरुण कुमार मिश्रा,विमलकांत झा,नीरू सिंह,दीपक पारिख,बिमल बैठा,मुची राम बाउरी, बिनानाद सिरका समेत अन्य मौजूद थे।

