
● भाजपा पूर्वी विधानसभा स्तरीय लाभार्थी सम्मेलन कल शाम टाउन हॉल में।
जमशेदपुर।विपक्ष द्वारा भूमि अधिग्रहण बिल के संदर्भ में राज्य सरकार और भाजपा के विरुद्ध फैलाएं जा रहे झूठ और फ़रेब के विरुद्ध कल महानगर भाजपा के सभी मण्डलों में सुबह भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठेंगे। मण्डलाध्यक्षों के नेतृत्व में प्रमुख चौक-चौराहों पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से विपक्ष का पोल-खोल अभियान चलेगा जिसके तहत भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के विकास विरोधी राजनीति पर हमलावर होंगे। इस आशय का निर्देश भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने सभी मण्डलाध्यक्षों को जारी करते हुए मण्डल प्रभारियों और मंडल में निवास करने वाले पार्टी के वरीय नेता तथा जिला पदाधिकारियों संग समन्वय बनाकर धरना प्रदर्शन करने को निदेशित किया है। भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद की ओर से इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से संबंधित कार्यक्रम की जानकारी दी गयी। बताया गया कि एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन पूर्वाह्न दस बजे से सभी मण्डलों में प्रारंभ होगा। बताया गया कि खूँटी ज़िले में हुए निंदनीय दुष्कर्म की घटना पर मौन धारण करने वाले झारखण्ड नामधारी पार्टियों की सच्चाई भी जनता के समक्ष रखी जायेगी।
इसके अलावे जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि केंद्र-राज्य सरकार के उल्लेखनीय नीतियों और योजनाओं से लाभांवित लोगों की मौजूदगी में भाजपा के पूर्वी विधानसभा स्तरीय लाभार्थियों का सम्मेलन कल (सोमवार) शाम सिदगोड़ा के टाउन हॉल में आयोजित होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित उक्त कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि स्थानीय सांसद सह प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष विद्युत वरण महतो एवं राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे।

