
बुधवार के विशेष कैंप में मिले 47 आवेदन, पौने दो लाख रुपये की वसूली
जुलाई माह में एक करोड़ राजस्व संग्रह का लक्ष्य
जमशेदपुर। जेएनएसी में बीते माह के आंतरिक राजस्व संग्रह की समीक्षा की गयी। जेएनएसी पिछले माह की तरह जून माह में भी ट्रेड लाइसेंस राजस्व वसूली के मामले में अव्वल रहा। बीते एक माह में जेएनएसी को 15 लाख से अधिक की राशि म्युनिसिपल लाइसेंस राजस्व मद में प्राप्त हुई। जो कि राज्य में किसी निकाय द्वारा बीते माह के लिए सर्वाधिक राशि है। विशेष अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जुलाई माह में उक्त राजस्व संग्रह का लक्ष्य एक करोड़ रुपया निर्धारित किया गया है। बताया कि इसके लिए व्यवसयियों के बीच न केवल ट्रेड लाइसेंस लेने के लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है, साथ ही ऑनलाइन व्यवस्था अपनाते हुए लाइसेंस आवेदन में अनुकूलता का माहौल दिया जा रहा है। एक ओर ट्रेड लाइसेंस जाँच को लेकर अभियान चलाया जा रहा है वही दूसरी ओर चैम्बर ऑफ़ कामर्स आदि व्यावसायिक संगठनों की मदद से नियमित कैंप लगवाकर ट्रेड लाइसेंस के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
गोलमुरी कैंप में 47 व्यापारियों ने जमा की शुल्क
जमशेदपुर चैम्बर ऑफ़ कामर्स के तत्वाधान में गोलमुरी में चल रहे जेएनएसी के ट्रेड लाइसेंस कैंप में बुधवार को 47 व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान के लिए ट्रेड लाइसेंस लेने को आवेदन जमा किया जिससे जेएनएसी को शुल्क के रूप में 1.75 लाख रुपये प्राप्त हुए। कैम्प में जमशेदपुर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स से संरक्षक मोहनलाल अग्रवाल, अध्यक्ष आलोक चौधरी, महासचिव प्रभाकर सिंह, नंदकिशोर अग्रवाल , जेएनएसी के सिटी मैनेजर रवि शंकर भारती, प्रभारी कर दरोगा एमकेएल दास, स्पायरो के प्रतिनिधि आदि के अलावा स्थानीय व्यवसायी मौजूद थे ।

