
संवाददाता
जमशेदपुरः जिला बार एसोसिएशन ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंप कर पुराने न्यायालय परिसर से झोपड़ी हटाने तथा सरकारी कार्यालयों में दलालों व बिचौलियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. एसिएशन के महासचिव अनिल कुमार तिवारी ने उपायुक्त को सौपे ज्ञापन में कहा है कि इसके पूर्व भी जिला बार द्वारा विगत 25 अप्रैल 2015 को भी इस संबंध में जानकारी दी गयी थी. श्री तिवारी ने कहा कि बिचौलियों द्वारा अवैध कार्य व सरकारी दस्तावेजों का फर्जीवाड़ा किया जा रहा है. लेकिन सरकारी कार्यालयों में विशेष कर परिवहन एवं मोटर यान निरीक्षक कार्यालय में दलालों का अवैध प्रवेश व जमावड़ा होता है व दलालों के माध्यम से ही कार्यालयों में सभी कागजात बनाये जा रहे हैं, जिससे आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इन अवैध कार्यों के रोकने पर दलालों द्वारा विगत दिनों अधिवक्ताओं के साथ मारपीट भी की गयी, जिसकी लिखित सूचना विगत 23 मई 2015 को बिष्टुपुर थाना को दी गयी, जिस पर कई दलालों पर प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है. अभियुक्त शेख आरिफ, शेख आदीब, माणिक घोष, मनोज तांती व अन्य दस शामिल हैं. शेख आरिफ पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले न्यायालय में लंबित हैं. पर अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गयी है.
ज्ञापन में मांग की गयी है कि इस दिशा में अविलंब कार्रवाई कि जाये, ताकि जिला बार एसोसिएशन जमशेदपुर पुराना न्यायालय स्थित अपने भवन का मरम्मत का काम करा सके, जहां कि अवैध रूप से बनी झोपड़ियों के कारण मरम्मत कार्य में बाधा आ रही है



