
एसएसपी से मिल कर बुढ़े पिता ने लगायी गुहार, न्याय दिलाने की मांग की


जमशेदपुरः परसुडीह थाना अंतगर्त मकदमपुर निवासी बेटे द्वारा संपत्ति से बेदखल किये जाने से दर-ब-दर पिता सोमवार को अपनी फरियाद लेकर एसएसपी के दरबार में पहुंचा और न्याय दिलाने की गुहार लगायी. पिता अब्दुल वाहिद ने एसएसपी को ज्ञापन दे कर कहा है कि उसने 28 डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिसमें 14 डिसमिल जमीन उसके बेटे मो आबिद की है, लेकिन उसने पूरी की पूरी 28 डिसमिल जमीन हड़प ली है और उसे तथा उसके अन्य बेटे-बेटियों को घर से निकाल दिया है, उसे घर में घुसने नहीं दिया जा रहा है, जिससे वह दर-ब-दर भटक रहा है. इसकी शिकायत स्थानीय परसुडीह थाना में भी की है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला है. अब्दुल वाहिद ने यह भी जानकारी एसएसपी को पूर्व में दी थी, लेकिन वावजूद इसके उसे न्याय नहीं मिला, तो पुनः एसएसपी के दरबार में गुहार लगाने आया है.
अब्दुल वाहिद ने बताया कि वह अपने बेटे मो हमीद, मो हासिम, मो शमीद समेत दो बेटी व दो छोटे-छोटे बेटों लेकर इधर-उधर मारा-मारा फिर रहा है. अब्दुल वाहिद ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई थी, जिसमें पंचायत ने उसके पक्ष में फैसला दिया था, बावजूद मो आबिद बात नहीं मान रहा है. इसके बाद उसने परसुडीह में लिखित शिकायत करायी थी. बावजूद इसके उसे न्याय नहीं मिल रहा है. अब्दुल वाहिद ने एसएसपी से गुहार लगायी है कि उसे न्याय दिलायी जाये, ताकि वह अपने घर-जमीन पर रह सके.

