
जमशेदपुर।


टीएमएच के 3ए वार्ड में रविवार की सुबह पांच बजे छत की फॉल्स सीलिंग गिरने लगी। इससे अफरातफरी मच गई। उस वक्त अधिकतर मरीज सोए थे। अचानक हुई घटना से मरीजों को लगा कि भूकंप का झटका है। इसलिए वे जान बचाकर भागे। चलने-फिरने में असमर्थ मरीज बेड पर ही पड़े रहे। बाद में सभी मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। सूचना पाकर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, जुस्को के एमडी आशीष माथुर सहित कई वरीय अधिकारी टीएमएच पहुंचे। जुस्को एमडी आशीष माथुर ने वार्ड का मुआयना किया और फाॅल्स सीलिंग लगाने वाले ठेकेदार से जानकारी ली। ठेका एजेंसी काे तत्काल ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है। वार्ड में भर्ती एक मरीज ने बताया कि वे सुबह पांच बजे भजन सुन रहे थे। वार्ड में करीब 54 लोग मौजूद थे। तभी तेज आवाज के साथ छत की फॉल्स सीलिंग गिरने लगी।
जुस्को एमडी अाशीष माथुर ने कहा वार्ड में एसी का पानी छत पर लगी फॉल्स सीलिंग के प्लाई पर गिर रहा था। इससे प्लाई नरम हो गई थी। दबाव पड़ने पर फॉल्स सीलिंग गिर गई। सीलिंग एक साल पुरानी था। जुस्को, वोल्टास, सेफ्टी और टीएमएच प्रबंधन की टीम ने संयुक्त रूप से जांच की।

