
जमशेदपुर। जेएनएसी द्वारा जमशेदपुर पूर्वी विस क्षेत्र अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं को लेकर मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सांसद प्रतिनिधि श्री संजीव कुमार, विधायक प्रतिनिधि श्री पवन अग्रवाल, विशेष अधिकारी संजय कुमार के अलावा जेएनएसी के सम्बंधित अभियंता गण मौजूद थे। विशेष पदाधिकारी ने अभियंताओं से सिलसिलेवार पथ, नाली, भवन आदि मद की प्रगतिशील योजनाओं की जानकारी लेते हुए सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण करने का निदेश दिया। जिन योजनाओं का कार्य किसी अपरिहार्य कारणवश अभी शुरू नहीं हो पाया है उनको रद्द करने तथा जिन योजनाओं का कार्य संवेदक की लापरवाही से आरम्भ नहीं हुआ ऐसे मामलों में संवेदक पर कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। विशेष पदाधिकारी ने प्रतिनिधि द्वय को बताया कि लीज़ क्षेत्र के अधीन सड़क, नाली, शौचालय जैसी कई अनिवार्य योजनाओं को लेकर टाटा स्टील ने एनओसी देने में असमर्थता जताई है जिसके चलते योजनाओं को ससमय शुरू नहीं किया जा पा रहा है। इस तरह लीज क्षेत्र में एनओसी के चलते विकास कार्यों पर लग रहे ब्रेक पर दोनों प्रतिनिधियों ने चिंता जताई। विशेष अधिकारी ने सभी अभियंताओं को हिदायत देते हुए कहा कि गुणवत्ता में कमी और कार्य में हुए अनावश्यक विलम्ब का मामला प्रकाश में आया तो संवेदकों से पहले अभियंताओं पर कार्रवाई होगी।

