डेंगू संभावित क्षेत्रों में दिन में छिड़काव और शाम को होगी फोगिंग
स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जेएनएसी ने बनाई 20 सदस्यीय टास्क फोर्स
जमशेदपुर। जेएनएसी में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीयों और क्षेत्रीय कर्मियों के साथ बैठक कर डेंगू के बचाव हेतु निकाय द्वारा किये जाने वाले प्रयासों की अंतिम रूप रेखा तैयार की गयी। 5 जुलाई से 4 अगस्त तक के लिए नियमित फोगिंग तथा एंटी लार्वा छिड़काव हेतु इलाकेवार रोस्टर जारी करते हुए कुल 8 टीमों को जिम्मेदारी दी गयी। उक्त आठ टीमों में कुल आठ सदस्य स्वास्थ्य विभाग से तथा 8 सदस्य जेएनएसी से शामिल हैं। उक्त 16 सदस्यों के अलावा 4 नगर प्रबंधकों को भी निगरानी और दैनिक प्रतिवेदन का उत्तरदायित्व दिया गया है। यानी कुल 20 सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया गया जो 5 जुलाई से विधिवत कार्य करेगी।
दो डेंगू जागरूकता वाहन
जेएनएसी ने डेंगू के “कारण और निवारण” से सम्बंधित व्यापक प्रचार प्रसार के लिए दो जागरूकता वाहन तैयार किये हैं जिन्हे शुक्रवार को उपायुक्त श्री अमित कुमार हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मौजूद थे
बैठक में विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, जिला सर्विलांस के पदाधिकारी और कर्मचारी, नगर प्रबंधक, स्वच्छता निरीक्षक आदि मौजूद थे।



