
जमशेदपुर: संपत्ति के विवाद को लेकर कदमा थाना अंतर्गत न्यू रानीकुदर रोड नंबर चार के रहने वाले मो मंसूर को उनके सगे भतीजे मुस्तकीज अहमद भाभी व भतीजी ने पिटाई कर दी जिससे मो मंसूर बुरी तरह घायल हो गए. परिवार वालों के सहयोग से स्थानीय थाना को सूचना दी गयी. मौके पर पुलिस पहुंच कर घायल मंसूर को एमजीएम अस्पताल ले गयी जहां उसकी स्थिति सामान्य है. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मो मंसूर ने बताया कि वह जिस घर में रह रहा था वह घर उसके बड़े भाई ने बगैर किसी किराया के रहने को दिया था. वह उक्त मकान में विगत बीस वर्षों से रह रहा था. विवाद को लेकर उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व उसके बड़े भाई की मृत्यु के बाद भतीजा उससे कह रह था कि वह अन्य कहीं फ्लैट लेना चाहता है इसलिए वह उक्त जमीन व मकान के एवज में पचास लाख दे .पर जब उनके द्वारा विरोध किया गया तो उनकी बड़ी भाभी, भतीजी व भतीजे ने लाठी- डंडो से पिटाई कर दी. घटना की सूचना पाकर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची व घायल को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुँचाया. समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी. पुलिस घटना के हर पहलू की जानकारी हासिल करने में जुटी है.



