
जमशेदपुर। ओड़िया समाज योग को लेकर गंभीर होना चाहिए । समाज के प्रत्येक सदस्यों को रोजाना योग करना चाहिए, ताकि उनके परिवार में सुख समृद्धि बने रहे। यह बातें ओड़िया फिल्म के अभिनेता तथा वर्तमान समय में रिखिया पीठ के स्वामी नीत्य चैतन्य (पूर्व नाम श्रीराम पंडा) ने जमशेदपुर के साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन में आयोजित सम्मान सह अभिनंदन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में योग का काफी महत्व है। उन्होंने योग को लेकर 11 मंत्र भी बताये। इससे पूर्व नीत्य चैतन्य का स्वागत एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकांत पति ने किया। मंच संचालन डॉ. संजय पांडे ने किया। सत्यानंद योग केंद्र के जमशेदपुर शाखा के केके झा की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। स्वामी नीत्य चैतन्य के बारे में संक्षिप्त परिचय दे हुए बीपी सिंह ने बताया कि 25 साल के फिल्मी सफर तय करने के बाद उन्होंने सन्यासी की ओर चलने का निर्णय लिया और आज वे देवघर सत्यानंद विद्यापीठ के योगाचार्य है। इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव तरुण महांती, डॉ. राहुल, डॉ. प्रधान, बीबी महंती सहित एसोसिएशन के महिला मंच की कई सदस्य उपस्थित थे।



