
जमशेदपुर।


आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिरनगर निवासी शबाना बेगम के बंद घर को चोर गिरोह ने गुरुवार को निशाना बनाया। घर से 70 हजार रुपये नकद समेत कुल 10 लाख मूल्य के जेवर चुरा लिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शबाना बेगम के पति नूर अली ओमान में काम करते हैं। उनकी पत्नी दो पुत्रियों के साथ घर में रहती है। नूर अली के साढू अब्दुल रशिद ने बताया कि शबाना बेगम की बड़ी पुत्री नाजिया मैटिक की परीक्षा देने बिहार के औरंगाबाद गई हुई थी।1 घर मे शबाना बेगम अपनी छोटी पुत्री फौजिया के साथ रह रही थी। कोहिनूर टावर में शबाना बेगम का मायका है। वह 26 मार्च को घर बंद कर अपने मायके चली गई। गुरुवार देर शाम औरंगाबाद से नाजिया परीक्षा देकर वापस घर लौटी। देखा कि घर खुला हुआ है। कमरे के दोनों अलमारी खुले हुए हैं। इसमें रखे नगद, कैमरा, जेवरात समेत दूसरे सामान गायब हैं। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त है। उसने मां को फोन कर बताया इसके बाद शबाना बेगम अपनी छोटी पुत्री के साथ घर पर पहुंची। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। नाजिया की शादी नवंबर में होने वाली है। उसकी शादी के लिए जेवरात की खरीद की गई थी। चोर सारे जेवरात अपने साथ ले गए।

