
रांची। उपराष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू आगामी 28 मई को रांची में युगांतर भारती एवं नेचर फाउंडेशन द्वारा आयोजित पर्यावरण कॉन्क्लेव सह पर्यावरण मेला का उद्घाटन करेंगे. यह कार्यक्रम रांची के ऑड्रे हाउस परिसर में आगामी 29 मई से 5 जून तक आयोजित होगा। उल्लेखनीय है कि 27 अप्रैल को दामोदर बचाओ आंदोलन के अध्यक्ष और झारखंड सरकार में मंत्री श्री सरयू राय ने उपराष्ट्रपति से नई दिल्ली में मुलाकात कर पर्यावरण कॉन्क्लेव का उद्घाटन करने का आग्रह किया था। आज उपराष्ट्रपति कार्यालय से झारखंड के मुख्य सचिव और युगांतर भारती के सचिव को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि आगामी 28 मई को श्याम 4.00 बजे उपराष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू पर्यावरण मेला शाह पर्यावरण कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे।


इस बीच आज श्री सरयू राय ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अलग-अलग मुलाकात कर उन्हें पर्यावरण कॉन्क्लेव सह मेला के उद्घाटन एवं दामोदर महोत्सव में मुख्य अतिथि के रुप में आमंत्रित किया. राज्यपाल से दामोदर के उद्गम स्थल चूल्हा पानी एवं मुख्यमंत्री से रामगढ़ में दामोदर महोत्सव 24 मई के दिन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहने का आग्रह श्री राय ने किया है.
29 मई से 5 जून तक चलनेवाले पर्यावरण कॉन्क्लेव सह पर्यावरण मेला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इसके तहत प्रख्यात जीवविज्ञानी एवं डीएनए फिंगरप्रिंटिंग के जनक प्रोफेसर लालजी सिंह की स्मृति में व्याख्यान, पर्यावरण पर लोक साहित्य सम्मेलन, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार और स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें पुरस्कृत करने जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे. मेला स्थल पर विभिन्न प्रकार के स्टॉल, कला प्रदर्शनी आदि का आयोजन भी किया जा रहा है. इस कॉन्क्लेव और मेला में देश के जाने-माने प्रकृति वैज्ञानिक, साहित्यकार, फिल्मकार और कलाकार हिस्सा ले रहे हैं.

