
जमशेदपुर 21 अगस्त,।


स्कूलों में जोखिमों को कम कर सुरक्षा तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए ‘सेफ’ (सेफ्टी अवेयरनेस फाॅर एवरीवन) फोरम ने सोमवार को 4 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। टाटा स्टील के सेफ्टी, हेल्थ ऐंड सस्टेनेबिलिटी वी पी-संजीव पॉल उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में श्रीमती रुचि नरेंद्रन, चेयरपर्सन, सेफ, विलास गायकवाड, चीफ, सेफ्टी, गोपाल प्रसाद चैधरी, चीफ ऑफ सेक्युरिटी, टाटा स्टील समेत प्रशिक्षक और विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल आदि भी मौजूद थे।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री पॉल ने कहा, ’’मैं आरंभ से ही सेफ की यात्रा से जुड़ा हुआ हूं। सेफ की उत्पत्ति कल के नागरिकों में परिवर्तनकारी आचरण और संस्कृति का समावेश करने के लिए हुई है। दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है, ऐसा मानने वाले संस्थान ही सबसे अधिक सुरक्षित होते हैं। ‘सेफ’ सड़क सुरक्षा, निजी सुरक्षा, साइबर सुरक्षा जैसी पहलकदमियों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। जमशेदपुर के स्कूलोें के लिए आपदा प्रबंधन पर यह प्रशिक्षण एक बड़ी पहल साबित होगी।’’
श्रीमती नरेंद्रन ने कहा कि हमने अप्रैल, 2017 में अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया। इस दौरान हमने जमशेदपुर के विभिन्न स्कूलों में कई मॉक ड्रिल संचालित किये। हमने महसूस किया कि आपदा प्रबंधन को लेकर सभी स्कूलों की अलग-अलग स्तर की तैयारियां हैं। तब हमने आपदा राहत प्रोटोकॉल के लिए एक मानक प्रक्रिया तैयार करने का निर्णय लिया। अब स्कूल डिजास्टर मैनेमेंट के लिए एक प्रोटोकॉल होना सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य हो गया है।
इस अवसर पर गोपाल प्रसाद चैधरी ने आपदा प्रबंधन पर एक प्रस्तुतिकरण दिया और 4 दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तथा इसके फैकल्टी के बारे में जानकारी दी। ‘सेफ’ फोरम विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ के सदस्यों की सुरक्षा हेतु सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने के लिए जमशेदपुर के स्कूलों के साथ काम कर रहा है। इसी कड़ी में सेफ क्लब ने टाटा स्टील के साथ स्कूलों में संरचनात्मक आपदा प्रबंधन प्रणालियों के विकास हेतु 4 दिवसीय कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था की है, ताकि स्कूलों में जोखिमों को कम कर सुरक्षा तैयारियों को बेहतर बनाया जा सके।
तदनुसार, ‘सेफ’ राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथाॅरिटी) द्वारा सुझाए गए स्कूल आपदा प्रबंधन मॉडल से जानकारी लेकर चिन्हित स्कूलों में आपदा प्रबंधन योजना विकसित करेगा। इस योजना के तहत स्कूल आपदा प्रबंधन समिति और कई रिस्पांस टीमों का गठन होगा।
इस पहल के तहत, ‘सेफ’ 21 से 24 अगस्त तक सेफ्टी एक्सेलेंस सेंटर, बिष्टुपुर में जमशेदपुर के 24 स्कूलों के चुने हुए शिक्षकों के लिए ’ट्रेन द ट्रेनर्स’ कार्यक्रम का आयोजन करेगा। आठ घंटे के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ), भारत सरकार द्वारा प्रमाणित टाटा स्टील के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा थ्योरी और प्रैक्टिकल माॅड्यूल का संचालन किया जायेगा।
प्रतिभागियों को खतरों की पहचान और सुरक्षा मूल्यांकन, निकासी, खोज और बचाव, प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन सुरक्षा, स्थल की सुरक्षा, संचार, बाहरी संरक्षकों के साथ समन्वय, विभिन्न संरचित अभ्यास आदि पर माॅक ड्रिल आदि गतिविधियों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षक अपने संबंधित स्कूलों में अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करेंगे और आपदा प्रबंधन योजना को लागू करने में स्कूल प्रशासन की मदद करेंगे।
टाटा स्टील के साथ साझेदारी में ‘सेफ’ स्कूलों को स्कूल आपदा प्रबंधन की उनकी योजना विकसित करने में सहायता करना जारी रखेगा और उनके आपातकालीन तैयारियों को पुख्ता बनाने में मदद करेगा।

