
जमशेदपुर ।
साकची शीतला मंदिर के सामने बाइक सवार तीन अपराधियों ने मानगो निवासी बीड़ी कारोबारी शाकीर की रविवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने शाकीर के साथ जा रहे उसके चचेरे भाई व जर्दा कारोबारी कमर इकबाल को भी गोली मारी और 50 हजार रुपये के नोटों से भरे उसके बैग को लूट लिया। इसके बाद पिस्तौल लहराते हुए अपराधी वहां से भाग गए।1घटना के तुरंत बाद लोगों ने दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया जहां शाकीर ने दम तोड़ दिया। कमर इकबाल का टीएमएच में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जाती है। घटनास्थल से पुलिस ने गोली के पांच खोखे भी बरामद किए है। शाकीर मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड टी खान मैदान क्षेत्र के रहने वाले थे। कमर इकबाल उर्फ ननका साकची मोहम्मडन लाइन क्लब के सामने रहते हैं। वे जमाल जर्दा वाले के भाई हैं। साकची टैंक रोड के पास उनकी दुकान है। घटना की सूचना मिलते ही साकची समेत कई इलाकों के जर्दा कारोबारी टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचे। कारोबारियों में घटना को लेकर पुलिस के खिलाफ काफी आक्रोश देखा गया। हत्या की जानकारी पर सिटी एसपी प्रभात कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी टीएमएच पहुंचे। वहीं दूसरे पुलिस अधिकारी घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को सीसीआर में खंगालते रहे।



