
जमशेदपुर।
सत्ता के लोभ में जब विपक्षी दलें जनादेश का अपमान कर लोकतांत्रित मूल्यों के हनन पर आमादा हों, तो ऐसे में प्रदेश में राज्य करने से बेहतर है कि जनता के संघर्षों के साथी बने रहना। उक्त बातें भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने शनिवार को कर्नाटक में येदुरप्पा जी के इस्तीफ़े के पश्चात गिरे भाजपा सरकार के समर्थन में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सच्चाई के राह पर है। कांग्रेस-जेडीएस के गठबंधन से कर्नाटक की जनता ठगी गयी है। उन्होंने कहा कि बहुमत ना होने का अफ़सोस है, किंतु सत्ता में बनें रहना भाजपा की मंशा नहीं। भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय एवं सेवा भावना को कटिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस-जेडीएस के गठबंधन पर तीव्र हमला बोलते हुए कहा कि राजनीति का स्तर गिराया जा रहा है। जनता के जनादेश का अपमान हुआ। कहा कि कांग्रेस-जेडीएस ने ‘डील’ को चुना, किंतु भाजपा ने जनता के ‘दिल’ को सुना। भाजपा जिलाध्यक्ष ने भरोसा जताया कि कांग्रेस गठबंधन की सरकार स्थाई नहीं रहेगी।

