
जमशेदपुर ।


शहर में एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को सीधी चुनौती दे डाली है। बेलगाम अपराधियों के बीच गैंगवार का गुरुवार को गवाह बना मानगो। इलाके के उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर पांच खड़िया बस्ती में गुड्डू पांडेय गिरोह के विशाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह ईंट-बालू का सप्लायर भी था। करीब 11 की संख्या मे अलग-अलग बाइक से आए अपराधियों ने बस्ती में महावीर कॉलोनी कैलाशधाम के पीछे गुरुवार रात साढ़े नौ बजे विशाल सिंह को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मार दी। घटना के वक्त मानगो सुभाष कालोनी संजय पथ निवासी विशाल अपने सहयोगियों विक्की गिरी, रौशन एवं एक अन्य के साथ शराब पी रहा था। वह हर दिन रात में वहीं पर सहयोगियों के साथ बैठकी करता था।1 विशाल को चार गोली मारने के बाद अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की। इसके बाद विक्की गिरी और रौशन वहां से किसी तरह जान बचाते हुए भाग निकले। हालांकि भागने के क्रम में दोनों को भी चोट आई। गोली लगने के बाद एक घंटे तक विशाल घटनास्थल पर पड़ा रहा। बस्ती का कोई आदमी उसकी मदद को नहीं आया। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे एमजीएम अस्पताल भिजवाया। थोड़ी देर बाद परिवार वाले और सहयोगी भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। एमजीएम से उसे टीएमएच ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देर रात सिटी एसपी प्रभात कुमार, मुख्यालय दो के डीएसपी कैलाश करमाली समेत अन्य अधिकारी एमजीएम अस्पताल और उलीडीह थाना पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने अपने मातहत पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। विशाल सिंह की हत्या मानगो में लंबे समय से आपसी रंजिश, वर्चस्व और जमीन के धंधे को लेकर चल रहे गैंगवार की कड़ी मानी जा रही है।

