
सिदगोड़ा टाउनहाल के निकट दो कबाड़ व्यवसायियों से वसूला 12 हजार जुर्माना
जमशेदपुर। शहर में यत्र तत्र जमीन घेरकर अवैध तरीके से प्लास्टिक कचरे और कबाड़ टाल का व्यवसाय करने वाले लोगों के बारे में सूचना मिलने पर जेएनएसी ने कड़ा रुख अपनाया है। जेएनएसी के व्हाट्सएप हेल्प लाइन या फ़ोन पर मिल रहीं शिकायतों के आलोक में विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने सिदगोड़ा टाउनहाल के पीछे चल रहे दो कबाड़ टालों पर दलबल के साथ छापेमारी की। मौके पर दर्जनों ट्रक प्लास्टिक कूड़ा और कबाड़ खुली जगह पर पड़ा मिला। मांगने पर उक्त व्यवसायी किसी प्रकार का ट्रेड लाइसेंस, अनुमति पत्र आदि के अलावा सम्बंधित जमीन के कोई भी कागजात जेएनएसी के अधिकारीयों को नहीं दिखा पाए। विशेष पदाधिकारी ने दोनों पर क्रमशः 10 हज़ार और 2 हज़ार का ऑनस्पॉट जुर्माना अधिरोपित करते हुए तीन दिन के अंदर सम्बंधित भूमि के कागजात दिखाने और वैधानिक रूप से ट्रेड अनुज्ञप्ति हेतु आवेदन समर्पित करने का निदेश दिया। साथ ही सड़क तक कूड़ा पसरा देख सख्त हिदायत दी गयी कि 24 घंटे में साफ सफाई नहीं करने पर केस दर्ज किया जायेगा। मौके पर उड़नदस्ता प्रभारी ज्योतिपुंज पांडेय, विनोद तिवारी, केशव प्रसाद आदि के अलावा पुलिस बल मौजूद था।

