
विशेष पदाधिकारी ने की मोहरदा क्षेत्र में गश्ती , मौके पर ही कई अवैध निर्माण रोके
इलाके में माइक से जारी किया गया चेतावनी सन्देश
जमशेदपुर। अवैध तरीके से जमीन कब्जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र उपायुक्त श्री अमित कुमार के निदेश पर जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने दल बल के साथ शनिवार को मोहरदा एवं आसपास के इलाकों में सघन गश्ती की। प्रथम दृष्टया अवैध नज़र आने वाले आधा दर्जन निर्माण कार्यों को संजय कुमार ने मौके पर ही रुकवाया। हालाँकि ज्यादातर लोग जेएनएसी की टीम के पहुंचने से पहले ही मौके से भाग खड़े हुए। किन्तु जो लोग मौके पर मिले उनसे 72 घंटे में भू स्वामित्व या दखल सम्बन्धी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। अर्जुन कालोनी, मोहरदा पश्चिम, संथाल बस्ती जैसी लगभग दस बस्तियों में माइक द्वारा चेतावनी जारी की गयी कि बिना अधिकार जमीन को घेरने, अवैध खरीद विक्री करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। संजय कुमार ने कहा कि इस बात के लिए भी गोपनीय सूचनाएँ जुटाईं जा रहीं है कि कही इस प्रकार की अवैध खरीद विक्री के पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं काम कर रहा है। जेएनएसी के उड़नदस्ता को निदेश दिया गया है कि सरकारी भूमि के अतिक्रमण और अवैध खरीद विक्री पर सतत नज़र रखने हेतु बिरसानगर, बारीडीह, मोहरदा, कदमा, हुरलुंग, भुइयांडीह जैसे इलाकों में नियमित गश्त करते हुए भूमाफियाओं को चिन्हित करें ताकि उन पर विधि संगत कार्रवाई की जा सके।
मनगढंत तरीके से कालोनियों का नामकरण करने वालों को भी चेताया
गश्ती के दौरान देखने में आया कि कई इलाकों में अपनी मन मर्जी से लोगों ने कालोनियों का नाम बदलकर और नए सिरे से नामकरण करते हुए बोर्ड आदि लगा लिए हैं या दीवारों पर लिख दिया है। इन मामलों की विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाई जा रही है। संजय कुमार ने कहा कि गलियों के नामकरण का काम नगर निकाय का होता है। नागरिक चाहे तो सुझाव दे सकते हैं किन्तु अपने मन से गली मोहल्लों का नाम बदलकर इस सम्बन्ध में बोर्ड, सूचक आदि लगाना दंडनीय कार्य है।

