
विशेष पदाधिकारी ने फल मार्केट में की औचक छापेमारी


स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर कृत्रिम रूप से पकाकर फल बेचने वालों पर होगी कार्रवाई
जमशेदपुर।
जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को साकची सब्जी/फल बाजार में औचक छापेमारी कर प्रतिबंधित रसायन कैल्सियम कार्बाइड की जाँच की। एक फल व्यवसायी परवेज आलम को रंगे हाथ उक्त रसायन का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। उक्त व्यवसायी अपने गोदाम में लगभग 200 किलोग्राम हरे कच्चे आम के फलों में कार्बाइड पावडर लगाकर पकाने हेतु रख रहा था। मौके से लगभग 100 पैकेट प्रतिबंधित रसायन जब्त कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि कैल्सियम कार्बाइड को भारत सरकार द्वारा फलों के पकाने के लिए उपयोग करने पर प्रतिबन्ध लगाया हुआ है। इसके दुरूपयोग को लेकर कई बार न्यायालयों में दायर याचिकाओं पर भी न्यायिक आदेश किये गए हैं किन्तु बावजूद इसके बड़े फल व्यवसायी अपने लाभ को अधिकतम करने के लिए ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ करते हुए कच्चे हरे फलों में कार्बाइड पाउडर लगाकर कृत्रिम तरीके से पीला कर देते हैं। इस पाउडर का सबसे ज्यादा दुरूपयोग आम केला आदि फलों के पकने में ज्यादा ही होता है। कार्बाइड से पके फल कैंसर के अलावा फेफड़े और ब्रेन की बीमारियों को जन्म देते हैं. अतः ग्राहकों को भी फल खरीदने से पहले देख लेना चाहिए कि कहीं वे कृत्रिम पके फल तो नहीं खरीद रहे हैं। विशेष पदाधिकारी ने कहा कि शहर के अन्य फल बाज़ारों में भी कार्बाइड को लेकर छापेमारी की जाएगी। दोषी मिलने वाले उल्लंघन कर्ताओं पर झारखण्ड नगर पालिका एक्ट 2011 की धरा 322 की तहत कार्रवाई की जाएगी।

