
मौके पर 60 एसएचजी को दिया गया फंड, 6 समूहों को मिला 50-50 हज़ार रु का ऋण
जमशेदपुर। जेएनएसी के तत्वाधान में गुरुवार को सिदगोड़ा टाउनहाल में स्वयं सहायता समूहों के वित्तीय संवर्धन और प्रोत्साहन हेतु विशेष सम्मलेन आयोजित किया गया। सम्मलेन में दर्जनों महिला समूहों के बीच चक्रीय निधि ( रिवॉल्विंग फण्ड) के अलावा वित्तीय ऋण और विभिन्न व्यावसायिक टूलकिट जैसे ब्यूटीशियन किट, इलेक्ट्रिशियन किट आदि का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री श्री सरयू रॉय, सांसद श्री विधुत वरण महतो, मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि श्री पवन अग्रवाल, राज्य स्तरीय बीस सूत्रीय समिति के सदस्य श्री संजीव सिंह, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, विधायक प्रतिनिधि श्री चितरंजन वर्मा, विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, यूनियन बैंक साकची प्रबंधक अशोक गुप्ता सहित अन्य कई बैंको के प्रतिनिधि, जेएनएसी के दोनों सिटी मिशन मैनेजर, सभी सामुदायिक संगठन कर्ता एवं 500 से अधिक महिला लाभुकगण की मौजूदगी रही। कार्यक्रम का आरम्भ अतिथियों के द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
मंत्री श्री सरयू राय ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में गंभीर है, इसलिए महिलाएं उद्यमिता की सोच के साथ आगे बढ़ें उनके स्वरोजगार हेतु केंद्र और राज्य सरकार आवश्यक प्रशिक्षण, सहायता अनुदान और ऋण आदि के माध्यम से हर संभव मदद करेगी। सांसद श्री विधुत वरण महतो ने कहा कि झारखण्ड सरकार की ओर से महिलाओं के प्रति गंभीरता उसी दिन जग जाहिर हो गयी थी जब एक रुपये में रजिस्ट्री की शुरुआत हुई थी। उन्होंने महिला समूहों से अपील की कि आज उन्हें जो 50 हजार का लोन मिला है, अपनी उद्यमिता और समूह भावना से काम करते हुए इस राशि को स्वरोजगार के माध्यम से 50 लाख तक पहुचायें। पूर्वी विस क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि श्री पवन अग्रवाल ने उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सौभाग्य योजना आदि पर प्रकाश डालते हुए मौके पर मौजूद सैकड़ों महिलाओं को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि सरकार आधी आबादी के सर्वांगीण उत्थान हेतु कृत संकल्पित है। राज्य बीस सूत्रीय समिति के सदस्य श्री संजीव सिंह ने वित्तीय सहायता या उद्यमी ऋण प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को बधाई देते हुए उन सभी से आग्रह भी किया कि उक्त पैसे का सदुपयोग कर अपने कौशल तथा उद्यमिता का परिचय देते हुए दूसरों को रोजगार देने लायक बनकर दिखाएँ।
विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने कर्यक्रम में मौजूद विभिन्न बैंको के प्रबंधकों से भी अपील की कि वे महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण देने में तत्परता दिखाएँ। कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाये स्वरोजगार की इच्छा के साथ साथ उत्साह से भी लवरेज हैं इसलिए बैंक निश्चिन्त रहें उनके दिए पैसे का सदुपयोग होगा। मौके पर सिटी मिशन मैनेजर सलिल तिर्की, ग्लेनिश मिंज तथा सभी सीओ मौजूद थे।

