
जमशेदपुर ।
मोबाइल फोन के जरिये जनरल (अनारक्षित ) टिकट की बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) ने कैशबैक योजना लागू की है. आर-वॉलेट के रिचार्ज के समय रिचार्ज मूल्य का 5 प्रतिशत आर-वॉलेट में बोनस के रूप में जोड़ा जायेगा. यह योजना तीन महीने की अवधि के लिए लागू होगी. जिसके बाद इसकी समीक्षा की जायेगी.
बुकिंग और रद्द करने सहित होगी अन्य सुविधाएं
रेलवे विशेष मोबाइल एप के जरिये यात्रियों को अनारक्षित टिकटों की बुकिंग और रद्द करने सहित अन्य सुविधा प्रदान करेगी. इस एप में सीजन और प्लेटफॉर्म टिकटों के नवीनीकरण, आर-वॉलेट की बकाया राशि की जांच और लोड करने व यूजर प्रोफाइल मैनेजमेंट और बुकिंग हिस्ट्री की भी सुविधा होगी. रेल सूचना प्रणाली केंद्र (सीआरआईएस) ने मोबाइल आधारित एप्लिकेशन ‘अटसनमोबाइल’ विकसित किया है. यूजर इस एप को गूगल प्ले स्टोर या विंडोज स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं. साथ ही पंजीकरण कराने के तरीके के बारे में भी बताया गया है. पंजीकरण के लिए देना होगा पूर्ण विवरण
यात्रियों को सुविधा का लाभ लेने के लिए पहले पंजीकरण कराना होगा. पंजीकरण कराने के लिए यात्रियों को सबसे पहले अपना मोबाइल नंबर, नाम, शहर, रेल की डिफॉल्ट बुकिंग, श्रेणी, टिकट का प्रकार, यात्रियों की संख्या और बार-बार यात्रा करने के मार्गों का विवरण देना होगा. पंजीकरण कराने पर यात्री का जीरो बैलेंस का रेल वॉलेट (आर-वॉलेट) अकाउंट स्वयं खुल जायेगा. आर-वॉलेट बनाने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क यात्रियों को नहीं चुकाना होगा. आर-वॉलेट को किसी भी यूटीएस काउंटर पर या वेबसाइट पर उपलब्ध विकल्प के माध्यम से रीचार्ज किया जा सकता है. अग्रिम टिकट बुकिंग की नहीं होगी सुविधा
यात्रियों को अग्रिम टिकट बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी. हमेशा वर्तमान तिथि में ही यात्रा की करनी होगी. यात्री टिकट का प्रिंट लिए बगैर भी यात्रा कर सकते हैं. टीटीई के टिकट जांच करने पर यात्री एप में टिकट दिखा सकते है. यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट बुक कर सकता है. टिकट की बुकिंग पर उसे अन्य टिकट विवरणों के साथ बुकिंग आईडी मिल जायेगी. बुकिंग विवरण बुकिंग इतिहास में भी उपलब्ध रहेगा. बुकिंग आईडी को एक एसएमएस के माध्यम से भी बताया जायेगा. पेपर टिकट बुक करने के बाद, यात्री अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और बुकिंग आईडी दर्ज करके, किसी भी एटीवीएम से टिकट प्रिंट आउट करने के लिए स्टेशन की यात्रा पर जा सकता है.



