
जमशेदपुर।


छपरा टाटा एक्सप्रेस में बरौनी के पास महिला यात्रियों से छिनतई करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना बीती रात लगभग तीन बजे बरौनी स्टेशन से ट्रेन के खुलने के बाद घटी. घटना के शिकार हुए परिजन शादी समारोह में भाग लेने मुजफ्फरपुर और छपरा से जमशेदपुर के कीतीडीह आ रहे थे. छपरा-टाटा एक्सप्रेस के एस 1, एस 2 और एस 5 में कुल 13 पुरुष- महिला यात्रियों का टिकट था. रात तीन बजे बरौनी स्टेशन से ट्रेन के खुलते ही एक बादमाश वृद्ध महिला यात्री नीलिमा बेगम का पर्स छीनने लगा. विरोध करने पर उच्चकों ने वृद्ध महिला यात्री नीलिमा बेगम को ट्रेन से धक्का देकर नीचे गिरा दिया. परिजनों द्वारा चेन पुलिंग किये जाने पर ट्रेन दो किलोमीटर दूर जाकर रुकी. ट्रेन के रुकते ही नीलिमा बेगम का पुत्र फहरीद रेल लाइन में अपनी मां को खोजने लगा. रात होने और ट्रेन के दो किलोमीटर दूर रुकने से परिजनों को नीलिमा बेगम का पता नहीं चल सका. परिजनों का आरोप है कि ट्रेन में मौजूद सुरक्षा जवानों ने खोजबीन में कोई मदद नहीं की. जिसके कारण परिजनों को दिक्कत हुई. इधर रेल लाइन पर घायल महिला को देख एक ट्रेन चालक ने अपने घर लेकर इलाज कराया. जिसके बाद बरौनी रेल पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी. पर्स में नकद 15 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, एटीएम सहित अन्य कागजात, दस्तावेज थे. टाटानगर के ट्रेन के पहुंचने पर परिजनों ने बताया कि घटना के बाद पुलिस का सहयोग नहीं मिला.

