
जमशेदपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण के विस्तृत परिणाम आने के बाद जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के लिए निर्धारित 6 महीनों में उन्होंने तीन माह मानगो और तीन माह जमशेदपुर के लिए जी तोड़ मेहनत करते हुए शहर में स्वच्छता को लेकर एक सकारात्मक माहौल बनाया। जिसका आज सुखद परिणाम मानगो और जमशेदपुर की बेहतर रैंकिंग के रूप में मिला है। कहा कि यद्यपि उन्हें दोनों निकायों के टॉप 10 में आने की उम्मीद थी किन्तु देश भर में 20 और 30 रैंक आना भी कम उत्साह पूर्ण नहीं है। इसके लिए उन्होंने दोनों निकायों के कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी बधाई दी।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के लिए मानगो में किये गए प्रमुख कार्य
मानगो में तत्कालीन विशेष पदाधिकारी के रूप में संजय कुमार के नेतृत्व में जून से अक्टूबर के बीच मानगो में “सेल्फी विथ डस्टबिन”, स्वच्छता चौपाल, स्वच्छ पूजा पंडाल प्रतियोगिता, स्वच्छता मतदान, स्वच्छता शपथ जैसे अभियान चलाकर जबरदस्त माहौल बनाया।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के लिए जमशेदपुर में किये गए प्रमुख कार्य
अक्टूबर के बाद जमशेदपुर अक्षेस का पदभार ग्रहण करने के बाद न केवल कर्मियों बल्कि शहरवासियों में भी स्वच्छता को लेकर एक सकारात्मक बदलाव के लिए आवश्यक उत्साह का संचार करने हेतु लगातार विभिन्न कार्यक्रम किये। जन्मे न केवल मानगो, जुगसलाई, आदित्यपुर बल्कि कोल्हान के सभी निकायों के प्रतिनिधियों को कई बार एक साथ एक मंच पर बैठकर बेहतर परिणाम हेतु रणनीति बनाई। जमशेदपुर में एक दिन में 6800 स्वच्छता एप डाउनलोड, लकी ड्रा, स्वच्छता चौकी, स्वच्छता हेल्पलाइन, पतंग उत्सव ,कबाड़ महोत्सव , स्वच्छता उड़नदस्ता जैसे अभिनव प्रयास कर तीन माह में जबरदस्त माहौल बनाया जिसका आज सुखद परिणाम मिला ।
उक्त परिणाम में जुस्को, टाटा स्टील, सभी स्वच्छता दूत, दोनों निकायों के कर्मियों, स्वैच्छिक संगठनों तथा शहर के प्रबुद्ध नागरिकों की भूमिका रही। परिणाम के बाद संजय कुमार ने मानगो के विशेष अधिकारी राजेंद्र गुप्ता तथा जुस्को के महा प्रबंधक कैप्टन धनंजय मिश्रा को फोन कर बधाई दी।

