
जमशेदपुर। जुबलीपार्क गेट अवैध रूप से पार्किंग वसूली की मिल रही शिकायत पर विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने नगर प्रबंधक रंजन पांडेय के नेतृत्व में एक सतर्कता टीम गठित कर जाँच हेतु भेजा। रविवार लगभग 3 बजे अपरान्ह में जुबली पार्क मुख्य गेट पर चन्दन तिवारी नामक युवक को बिना प्राधिकार के अवैध रूप से पार्किंग वसूली करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके पास से जेएनएसी लिखी हुयी रसीदें मिली जिन्हे जब्त कर लिया गया। टीम द्वारा उसे जेएनएसी कार्यालय लेकर पूछताछ की गयी तो कुछ और नाम भी सामने आये जिसकी निशान देही पर आदित्यपुर निवासी एक अन्य को भी पकड़ा गया। यद्यपि पकडे गए अन्य युवक ने बताया कि चन्दन तिवारी ने झूठ बोलकर उसे नौकरी पर रखा था कि जुबली पार्क का ठेका उसको मिला है। फ़िलहाल पुनरावृत्ति नहीं करने के सम्बन्ध में युवक के परिजनों की लिखित गारंटी के बाद तथा युवक के मूल पहचान पत्रों को जब्त करते हुए उसे छोड़ दिया गया है। लेकिन विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी को मामले से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है ताकि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो।

