
जमशेदपुर। सोनारी खूंटाडीह में जेएनएसी के द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए चिन्हित भूमि पर स्थानीय व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण की शिकायत पर जेएनएसी की अतिक्रमण निरोधक टीम ने मंगलवार को अतिक्रमण हटा दिया। उल्लेखनीय है कि उक्त भूमि पर सामुदायिक सह सांस्कृतिक भवन बनाने को लेकर मोहल्ले के ज्यादातर लोगो की मांग पर स्थानीय विधायक सह मंत्री श्री सरयू रॉय की अनुशंसा पर जमशेदपुर अक्षेस की ओर से यहां उक्त भवन निर्माण का कार्य प्रस्तावित था। किन्तु अस्थायी अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य आरम्भ नहीं हो पा रहा था। स्वयं से अतिक्रमण हटाने के नोटिस के बाद भी जब नहीं हटाया गया तो मंगलवार को सिटी मैनेजर रंजन पांडेय के नेतृत्व में जेएनएसी के अतिक्रमण निरोधक दल ने जेसीबी लगाकर हटा दिया। इस दौरान सिटी मैनेजर ज्योतिपुंज तथा सोनारी थाना के पुलिस बल सहित उड़नदस्ता टीम मौजूद थी।

