
चेन्नई से 14 तारीख़ को चाईबासा पहुंचे उक्त व्यक्ति को रेड जोन से आने के कारण पहले से ही सरकारी क्वॉरेंटाइन सेंटर के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था

*जिलावासी घबराएं नहीं। आवश्यक सावधानियां जरूर अपनाएं। राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें
चाईबासा : उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि जमशेदपुर एमजीएम हॉस्पिटल के जांच केंद्र से प्राप्त सूचना के आधार पर पश्चिमी सिंहभूम जिला के एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई है।उपायुक्त ने बताया कि उक्त व्यक्ति जिसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया है वह पश्चिमी सिंहभूम जिला का रहने वाला है और चेन्नई से वाया बरकाकाना वापस आया है। उक्त व्यक्ति का आगमन जिला में 14 तारीख़ को हुआ था। रेड जोन एरिया से आने के कारण उक्त व्यक्ति का कोरोना टेस्ट कराया गया और स्टेट क्वॉरेंटाइन सेंटर के आइसोलेशन वॉर्ड में ही रखा गया। आज एक व्यक्ति का रिपोर्ट पॉजिटिव में आया है। इनके साथ यात्रा करने वाले सभी व्यक्तियों की जानकारी लेने की प्रक्रिया जारी है। किसी को घर नहीं जाने दिया गया है, सभी को सरकारी क्वॉरेंटाइन सेंटर में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एस.ओ.पी का अनुपालन करते हुए उक्त व्यक्ति को कोविड-19 समर्पित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार व्यक्ति एसिंप्टोमेटिक है, अर्थात कोरोना के लक्षण प्रदर्शित नहीं हैं। इनकी उम्र 22 वर्ष है।
स्वास्थ विभाग के मानकों के अनुसार कोविड-19 समर्पित चक्रधरपुर अस्पताल रेलवे अस्पताल में मरीज का इलाज जारी
उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार और झारखंड सरकार के द्वारा प्रदत्त मानकों के अनुसार इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उपायुक्त ने कहा कि किसी को भी भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है किंतु आवश्यक सावधानियां जरूर अपनाएं। कोविड-19 हेतु समर्पित जिला के चक्रधरपुर स्थित चिकित्सालय में कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीज का इलाज जारी है।
*कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के साथ यात्रा किए हुए सभी व्यक्ति सरकारी क्वॉरेंटाइन सेंटर के आइसोलेशन वार्ड में
उपायुक्त ने कहा कि इनके साथ जो भी व्यक्ति यात्रा किए हैं अथवा संपर्क में आए हैं सभी को आवश्यकता के अनुसार स्टेट क्वॉरेंटाइन में रखेंगे। 7 दिनों के पश्चात् पुनः टेस्ट करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
*जिला वासियों से उपायुक्त की अपील
उपायुक्त ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के समस्त नागरिकों से मेरी अपील है कि आपके द्वारा लॉक डाउन का काफी अच्छे ढंग से अनुपालन किया जा रहा है। अभी भी आपसे अनुरोध है कि और भी सतर्कता बरतते हुए लाॅक डाउन के नियम जो भी राज्य सरकार द्वारा जारी किए जाएंगे उन सभी का अक्षरशः अनुपालन करते हुए लॉक डाउन का अनुपालन और जिला प्रशासन का सहयोग करें। जिस मरीज को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है वे पूर्व से ही आइसोलेशन में थे और अभी भी उक्त को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसलिए किसी को भी अनावश्यक भयभीत होने अथवा घबराने की जरूरत नहीं है।

