जमशेदपुर: वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), जमशेदपुर ने पर्यावरण संरक्षण और चक्रीय अर्थव्यवस्था (सर्कुलर इकोनॉमी) की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। 12 नवंबर 2026 को सीएसआईआर-एनएमएल ने प्रयुक्त लिथियम-आयन बैटरी (LIBs) पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) पर अपनी नवोन्मेषी प्रौद्योगिकी के सफल हस्तांतरण की घोषणा करते हुए बेंगलुरु की मेसर्स सर्क्यूओर प्रा. लि. (M/s CircuOre Pvt. Ltd.) के साथ आधिकारिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
यह उपलब्धि टिकाऊ प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाने और देश में ई-कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के प्रति एनएमएल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: नम आँखों और भक्तिमय जयकारों के साथ माँ काली की प्रतिमा का हुआ विसर्जन, वास्तु विहार काली पूजा का भव्य समापन
‘शून्य-अपशिष्ट’ सिद्धांत पर आधारित अत्याधुनिक तकनीक
सर्क्यूओर प्रा. लि., बेंगलुरु स्थित नया पुनर्चक्रण संयंत्र प्रयुक्त लिथियम-आयन बैटरियों से मूल्यवान धातुओं और सामग्रियों को प्रसंस्कृत करने के लिए इस अग्रणी स्वदेशी तकनीक का उपयोग करेगा। यह सुविधा पूरी तरह से ‘शून्य-अपशिष्ट’ (Zero-Waste) सिद्धांतों पर केंद्रित होगी।
यह पर्यावरण के अनुकूल तकनीक प्रयुक्त बैटरियों के ब्लैक कैथोडिक मटेरियल (Black Cathodic Material) से क्लोज्ड-लूप डिजाइन के तहत लिथियम (Li), मैंगनीज (Mn), कोबाल्ट (Co), निकल (Ni) के साथ-साथ प्लास्टिक और ग्रेफाइट को पुनः प्राप्त करने में सक्षम है। हाइड्रो- और इलेक्ट्रो-मेटालर्जिकल तकनीकों के माध्यम से निकाली गई इन धातुओं और लवणों की शुद्धता अत्यंत उच्च (लवण >98% और धातुएं >99.99%) पाई गई है।
समारोह में एनएमएल के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की रही उपस्थिति
) इस प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, एमआरआर प्रमुख एवं प्रोजेक्ट लीडर डॉ. मनीष कुमार झा, डॉ. अंकुर शर्मा, तथा शोधकर्ताओं के समूह से डॉ. रेखा पांडा, डॉ. रुखसाना परवीन और आरपीबीडी विभाग से डॉ. एस. के. पाल, डॉ. बीना कुमारी एवं डॉ. अंजनी कुमार साहू उपस्थित रहे।
वहीं, मेसर्स सर्क्यूओर प्रा. लि. की ओर से निदेशक श्री रविचंदर एस. और श्रीकुमार डी. वी. ने इस उद्यम पर अपना उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस बैटरी पुनर्चक्रण तकनीक को अपनाकर वे प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में राष्ट्र की सेवा करेंगे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: छठ घाटों का डीसी और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
ई-कचरे से मुक्ति और नए रोजगार के अवसर
सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि संस्थान ने हाल के वर्षों में भारतीय कंपनियों को कई स्वदेशी प्रौद्योगिकियां हस्तांतरित की हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह तकनीक भारत को ई-कचरा मुक्त समाज बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह तकनीक न केवल पर्यावरण प्रदूषण और मिट्टी की सेहत को दूषित होने से बचाएगी, बल्कि भविष्य में लघु और कुटीर उद्योगों तक विस्तारित होकर नए उद्यमियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।

