
जमशेदपुर/धनबाद। टाटा पावर सोलर सिस्टम्स लिमिटेड, जो भारत की सबसे बड़ी एकीकृत सौर कंपनी और टाटा पावर की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, ने आज अपनी अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधा के महत्वपूर्ण विस्तार की घोषणा की। इस विस्तार के साथ कंपनी के सेल्स एवं मॉड्युल्स की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,100 मेगावाट हो गयी है। कंपनी के सोलर मॉड्युल्स की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि और साथ ही भारत सरकार द्वारा ‘आत्मनिर्भर भारत‘ के निर्माण हेतु हाल ही में घोषित सहायक नीतिगत कदमों के कारण अपेक्षित वृद्धि को देखते हुए यह विस्तार किया गया है। इस संबंध में टाटा पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक, डॉ. प्रवीर सिन्हा ने कहा कि हम अपने उत्पादों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने को लेकर खुश हैं। नई तकनीक में निरंतर भागीदारी के साथ उच्च गुणवत्ता वाले सौर उत्पाद प्रदान करने के हमारे 31 वर्षों के मजबूत अनुभव ने हमें सौर विनिर्माण और ईपीसी सेवाओं दोनों में अग्रणी स्थिति बनाए रखने में मदद की है। मालूम हो कि टाटा पावर सोलर का बेंगलुरु स्थित विनिर्माण संयंत्र भारत का प्रमुख एकीकृत सेल और मॉड्यूल विनिर्माण संयंत्र है जो उच्चतम उद्योग मानकों को पूरा करता है। 25 वर्षों से भी अधिक समय के उत्पाादन अनुभव वाला यह संयंत्र आईएसओ 9001ः 2015, आईएसओ 45001ः 2018 और आईएसओ 14001ः 2015 प्रमाणित है।



