जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर परिसर में इस वर्ष भी मां काली की पूजा पूरे भक्तिभाव और भव्यता के साथ आयोजित की गई। श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से आयोजित यह धार्मिक समारोह अपनी 55 वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। वर्ष 1972 में शुरू हुई इस पूजा में संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
8 नवंबर को पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रभारी प्रो. आर. वी. शर्मा और कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मां काली की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूजा पंडाल को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया था।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने किए दर्शन
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मां काली के दर्शन किए। उनकी पत्नी इंद्राणी सूत्रधार ने भी ऑनलाइन माध्यम से मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान निदेशक ने पूजा आयोजन की जानकारी ली और आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
पूजा के दौरान संस्थान परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद देर रात तक पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहा। हजारों लोगों की सहभागिता से पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : दीपावली के शुभ अवसर पर आम जनता, विशेषकर कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए टाटा वर्कर्स यूनियन का एक सुनहरा उपहार!
समिति के पदाधिकारी और संस्थान के अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में पूजा समिति के संरक्षक प्रो. शैलेंद्र कुमार, अध्यक्ष डॉ. अमित प्रकाश, उपाध्यक्ष डॉ. जयेंद्र कुमार, सचिव सुधीर कुमार और कोषाध्यक्ष प्रशांत मल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
एनआईटी जमशेदपुर की यह पुरानी धार्मिक परंपरा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक एकता और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करती है।


