जमशेदपुर। देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद सैनिकों के परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर के सदस्यों ने दीपावली पर विशेष पहल की। परिषद के प्रतिनिधियों ने शहीद सैनिकों के घर पहुंचकर उनके परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान परिजनों को मिठाई और अंगवस्त्र भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।
इस पहल का उद्देश्य शहीद परिवारों को यह एहसास कराना था कि देश के लिए उनके अपनों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और पूर्व सैनिक समाज हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। प्रतिनिधियों ने शहीदों की माताओं, वीर नारियों और बच्चों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का भरोसा दिया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :सरयू राय ने सोनारी में 61वें वार्षिक काली पूजा समारोह का किया उद्घाटन, मां काली से की सुख-समृद्धि की कामना
आदित्यपुर में शहीद मनोज कुमार के परिवार से मिले पूर्व सैनिक
इसी क्रम में परिषद के प्रतिनिधि आदित्यपुर स्थित शहीद मनोज कुमार के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने उनकी पत्नी सुनीता शर्मा, बच्चों और अन्य परिजनों से मुलाकात की। परिवार को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा प्रतिनिधियों ने कीताडीह में शहीद किशन दुबे की परिजन श्रीमती जगमाया देवी, बागबेड़ा में शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी श्रीमती दुर्गावती देवी तथा शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित शहीद मनोरंजन कुमार के पिता नायब सूबेदार नवीन कुमार से भी मुलाकात की। बालीगुमा स्थित आवास पर पहुंचकर उन्होंने मिठाई भेंट की और परिवार के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की।
शहीद परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व
परिषद के सदस्यों ने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल उनके परिवारों की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य विरासत है। शहीद परिवारों का सम्मान करना, उनकी जरूरतों और परेशानियों को समझना तथा उनके सुख-दुख में सहभागी बनना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पावन अवसर पर शहीद परिवारों के बीच पहुंचना उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा-सा प्रयास है। ऐसे परिवारों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS : दीपावली के शुभ अवसर पर आम जनता, विशेषकर कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए टाटा वर्कर्स यूनियन का एक सुनहरा उपहार!
पूर्व सैनिक परिषद के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर की ओर से प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धनाथ सिंह, वरिष्ठ सदस्य एस.के. सिंह, अवधेश कुमार, कुंदन सिंह, वरुण कुमार, मनोज सिंह, संजय सिंह, शैलेश सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
परिषद ने जिलावासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द और सद्भाव के साथ सुरक्षित वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।


