
जमशेदपुर।


बिष्टुपुर स्थित सेंटर फाॅर एक्सीलेंस में दो दिवसीय शाॅट फिल्म फेस्टीवल 2018 का आयोजन 24 एवं 25 नवम्बर को टेक 5 कम्यूनिकेशन कोलकाता के नेतृत्व में होगा। इस दो दिवसीय फिल्म फेस्टीवल कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, शोर प्रदूषण, वृद्धावस्था संकट, मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता, कुछ लोगों के नाम पर मानवता जैसे विषयों पर आधारित 4 मिनट से 30 मिनट तक की 29 फिल्में हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, सांताली और नेपाली भाषाओं में दिखायी जायेगी। जिसमें जमशेदपुर, धनबाद, कोलकाता, दिल्ली और मुंबई की फिल्में शामिल हैं। शनिवार की संध्या 5 बजे इस फिल्म महोत्सव का उदघाटन सेंटर फाॅर एक्सीलेंस में होगा। बतौर मुख्य अतिथि नवल टाटा हाॅकी एकेडमी हेड गोविंद माधव शरण उपस्थित रहेंगें। महोत्सव उदघाटन कार्यक्रम का संचालन रंगमंच के कलाकार गौतम शंकर दास करेंगे।
इस संबंध में टेक 5 कम्यूनिकेशन के प्रमुख एवं फिल्म डायरेक्टर तथागत भट्टाचार्जी, सेंटर फाॅर एक्सीलेंस प्रमुख मर्लिन एफ अंक्लेसरिया और रंगमंच के कलाकार गौतम शंकर दास ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि इस शार्ट फिल्म का आयोजन सेंटर फाॅर एक्सीलेंस जमशेदपुर तथा टेक 5 कम्यूनिकेशन कोलकाता के द्वारा संयुक्त रूप से पिछले 10 वर्षाें से किया जा रहा है। यह 11 वां साल हैं।
उन्होंने बताया कि दो दिनों में दिखायी जाने वाली 29 फिल्मों में से अधिकांश फिल्मों को इंटरनेशनल एवं नेशनल अवार्ड भी मिल चुका है। उन्होंने कहा कि यह कोई कम्पीटिशन नहीं फेस्टीवल है और इस तरह के फेस्टीवल में नये फिल्म डायरेक्टरों को पुराने प्रोफेशनल डायरेक्टरों से बहुत कुछ सिखने का मौका मिलता हैं। झारखंड के कलाकारों को भी लघु फिल्मों में मौका मिल रहा है। फिल्म निर्माण का स्तर हर वर्ष बढ़ते जा रहा है। लघु फिल्मों में काम करने वाले जमशेदपुर के कई कलाकार आज बड़े फिल्मों एवं टीवी सीरियलों में प्रोफेशनल काम कर रहे हैं

