
सरायकेला-खरसावां: यदि आपका नाम अब तक मतदाता सूची (Voter List) में दर्ज नहीं है या आप अपने वोटर आईडी में कोई भी सुधार करवाना चाहते हैं, तो आपके लिए यह एक बेहद जरूरी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां (Seraikela-Kharsawan) जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आगामी 8 और 9 अगस्त 2026 (सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक) को एक विशेष मतदाता शिविर (Special Voter Registration Camp) का आयोजन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (DC) श्री नितिश कुमार सिंह ने सभी पात्र नागरिकों से अपने नजदीकी बूथ पर जाकर इस विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।


किन युवाओं का जुड़ेगा नाम और कौन सा फॉर्म भरें?
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। जिन युवाओं की उम्र 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी, वे नए मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए युवाओं को शिविर में जाकर फॉर्म-6 (Form-6) भरना होगा और एक घोषणा-पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे। यह प्रक्रिया पूरी तरह से भारतीय नागरिकों के लिए है।
वोटर आईडी में सुधार और ट्रांसफर के लिए क्या करें?
कई बार ऐसा होता है कि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों (Polling Booths) पर दर्ज हो जाते हैं। ऐसे मतदाता जो अपने पूरे परिवार का नाम एक ही बूथ पर शिफ्ट कराना चाहते हैं, वे फॉर्म-8 (Form-8) भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, नाम, पता या अन्य विवरण में किसी भी प्रकार के संशोधन (Correction) के लिए भी फॉर्म-8 का ही इस्तेमाल किया जाएगा।
READ MORE :Seraikela Kharsawan News :सरायकेला-खरसावां में प्रारूप मतदाता सूची जारी, 7.67 लाख मतदाता पंजीकृत, #NewVoters अभियान शुरू
घर बैठे ऑनलाइन भी कर सकते हैं अप्लाई
जो लोग किसी कारणवश शिविर में नहीं जा सकते, उनके लिए चुनाव आयोग ने डिजिटल सुविधा भी दी है। नागरिक घर बैठे ECINET App या चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन आवेदन बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से मतदान केंद्र पर जमा किए जाएंगे। डीसी ने सभी BLO और सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे शिविर में आने वाले नागरिकों को सुगमता से सुविधाएं उपलब्ध कराएं।


