
सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों (ईचागढ़, सरायकेला और खरसावां) की सूची जारी की गई। इसके साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने और जागरूक करने के लिए #NewVoters सोशल मीडिया अभियान भी चलाया गया।


जिले में कुल 7,67,613 मतदाता पंजीकृत
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले में वर्तमान में कुल 7,67,613 मतदाता हैं। इनमें 3,84,834 पुरुष, 3,81,919 महिला और 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
विधानसभावार मतदाताओं की स्थिति:
50-ईचागढ़: 2,56,155 मतदाता
51-सरायकेला (अ.ज.जा.): 3,02,716 मतदाता
57-खरसावां (अ.ज.जा.): 2,08,742 मतदाता
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: एनआईटी जमशेदपुर ने नेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में हासिल की गोल्ड रेटिंग, देश में 28वां स्थान
4 सितंबर तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन और अन्य सुधारों के लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इन दावों का निष्पादन 3 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा और 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
#NewVoters अभियान से युवाओं को जोड़ने की पहल
पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक #NewVoters हैशटैग के साथ विशेष सोशल मीडिया अभियान चलाया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम नागरिकों, युवाओं, और विभिन्न संगठनों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।


