सरायकेला: आगामी ‘भारत की जनगणना 2027’ (Census of India 2027) को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में, सरायकेला-खरसावां जिले में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ (HLO – House Listing and Housing Census) कार्य के सफल और त्रुटिरहित क्रियान्वयन के लिए एक वृहद प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है।
उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के सख्त निर्देशानुसार, जिला स्तर पर इस तीन दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन सरायकेला प्रखंड कार्यालय के सभागार में किया जा रहा है।
10 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण, ये अधिकारी ले रहे हिस्सा
यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार, 08 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस अति-महत्वपूर्ण कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (जो चार्ज जनगणना पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे) और जिला स्तर पर नामित फील्ड ट्रेनर्स (Field Trainers) मुख्य रूप से भाग ले रहे हैं।
मास्टर ट्रेनर्स दे रहे बारीकियों की जानकारी, दूर कर रहे शंकाएं
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तर से प्रतिनियुक्त मास्टर ट्रेनर (State Master Trainers) एमडी तासिकुर रहमान और श्री अविनाश ठाकुर द्वारा अधिकारियों और फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के हर छोटे-बड़े सवालों और शंकाओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में ‘मकान सूचीकरण और मकानों की गणना’ का कार्य पूरी तरह से निष्पक्ष, सटीक और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
आगे की रणनीति: फील्ड ट्रेनर करेंगे प्रगणकों को तैयार
बुधवार को पहले दिन जिला स्तर के नामित फील्ड ट्रेनर्स ने यह गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। अब ये सभी प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स (Master Trainers) अपने-अपने आवंटित प्रखंडों और नगर क्षेत्रों में जाकर वहां के ‘प्रगणकों’ (Enumerators) और ‘पर्यवेक्षकों’ (Supervisors) को मास्टर ट्रेनिंग देंगे। यही प्रगणक और पर्यवेक्षक सीधे फील्ड में जाकर घर-घर सर्वे और गणना का कार्य करेंगे।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी श्री कमलेश कुमार दास सहित कई अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।





