
जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए शहीद देवेंद्र माझी के संघर्ष को किया याद, सांसद जोबा माझी और कई विधायकों की रही मौजूदगी
सरायकेला-खरसावां। वीर शहीद देवेंद्र माझी के 32वें शहादत दिवस पर गोइलकेरा में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार सह परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा शहीद स्थल पहुंचे और वीर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। सरायकेला-खरसावां जिला सड़क सुरक्षा एवं शांति समिति के सदस्य तथा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगदीश नारायण चौबे ने भी शहीद देवेंद्र माझी के समाधि स्थल पर माथा टेककर श्रद्धासुमन अर्पित किए।



इस दौरान जगदीश नारायण चौबे ने शहीद देवेंद्र माझी के संघर्ष, बलिदान और उनके विचारों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने स्वर्गीय रूपी सोरेन को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांसद जोबा माझी और कई विधायक रहे मौजूद
श्रद्धांजलि समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, झारखंड मुक्ति मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष डॉ. सुवेंदु महतो तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षाविद् प्रोफेसर कालीपद सोरेन (के.पी. सोरेन) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर जगदीश नारायण चौबे ने भी जनप्रतिनिधियों और अन्य नेताओं के साथ मंच साझा किया।
जल, जंगल और जमीन के आंदोलन के महानायक को किया नमन
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगदीश नारायण चौबे ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले वीर शहीद देवेंद्र माझी का जीवन, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उनके विचार झारखंड की अस्मिता, अधिकारों और जनसंघर्षों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी के बताए रास्ते पर चलकर ही उनके सपनों के झारखंड और आम जनता के अधिकारों की रक्षा की जा सकती है।
आदित्यपुर से ट्रेन से पहुंचे कांग्रेसी नेता
श्रद्धांजलि समारोह में गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा (इशू झा), कृष्णा महतो, दिव्यांशु झा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी लोग आदित्यपुर से ट्रेन के माध्यम से गोइलकेरा पहुंचे और वीर शहीद देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद देवेंद्र माझी के त्याग, संघर्ष और जनहित के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।



