
सरायकेला-खरसावां,। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला परिवहन विभाग ने NH-33 के चांडिल क्षेत्र स्थित पाटा टोल प्लाजा के समीप नो-पार्किंग के खिलाफ विशेष वाहन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य शमाद के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
अभियान में सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्र में अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹41,800 का जुर्माना वसूला गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: NH पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान, 72 वाहनों से 3.90 लाख रुपये जुर्माना
अनधिकृत पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक अथवा अनधिकृत रूप से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से भारी वाहन चालकों को निर्धारित और सुरक्षित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की संभावना भी बढ़ती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों से इस मामले में लापरवाही नहीं बरतने की अपील की गई।
वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी
प्रवर्तन अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, सुरक्षित तरीके से ओवरटेक करने और नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश भी दिया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जिला अग्रवाल सम्मेलन की युवा इकाई का निर्विरोध चयन, प्रतीक अग्रवाल बने अध्यक्ष
दुर्घटना रोकने के लिए नियमों के पालन की अपील
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए।
प्रशासन ने वाहन चालकों से दुर्घटना नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की है। अभियान के दौरान विशेष रूप से भारी वाहनों की पार्किंग और सुरक्षित आवागमन को लेकर निर्देश दिए गए।


